इंदौर में करीब 60 लाख रुपए की पारिवारिक संपत्ति के विवाद में पिता और बेटी की हत्या का मामला सामने आया है। दोनों के शव शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मिले हैं। वहीं, परिवार का इकलौता बेटा घटना के बाद से लापता है। पुलिस की प्रारंभिक जांच और हिरासत में लिए गए एक नाबालिग से पूछताछ के आधार पर बेटे की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। हालांकि, उसके लापता होने के कारण पुलिस इस आशंका की भी जांच कर रही है कि कहीं उसके साथ भी कोई अनहोनी तो नहीं हुई।
पुलिस के अनुसार, 50 वर्षीय राजू यादव अरिहंत नगर में किराए के मकान में रहते थे। आशंका है कि 19 नवंबर को इसी मकान में उनकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को चादर में लपेटकर करीब 10 किलोमीटर दूर हातोद थाना क्षेत्र के जम्बूड़ी हप्सी में फेंक दिया गया। शुक्रवार रात लगभग 11:30 बजे बड़ी कलमेर और माली बड़ोदिया के बीच स्थित एक पुलिया के पास कचरे में लोगों को चादर में लिपटे पैर दिखाई दिए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव बरामद किया। जांच के दौरान पता चला कि मृतक के बाएं हाथ का पंजा कटा हुआ था।
वहीं, पिता की हत्या के बाद उनकी 20 वर्षीय बेटी हर्षिता की भी हत्या कर दी गई। शुक्रवार शाम करीब 7 बजे उसका शव एरोड्रम थाना क्षेत्र के कालानी नगर स्थित किराए के मकान में मिला। मकान काफी समय से बंद होने पर पड़ोसियों को शक हुआ। उन्होंने मकान मालिक को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाया। अंदर बेडरूम में हर्षिता का शव मिला। शुरुआती जांच में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है।
पुलिस जांच में परिवार की करीब 60 लाख रुपए की पैतृक संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद होने की बात सामने आई है। परिवार मूल रूप से इंदौर के तंबोली बाखल का रहने वाला है। राजू यादव और उनका बेटा हर्ष ऑटो रिक्शा चलाते थे। हर्षिता की मां का पहले ही निधन हो चुका था। पारिवारिक विवाद के चलते तीनों अलग-अलग मकानों में रह रहे थे। राजू अरिहंत नगर, हर्षिता कालानी नगर और हर्ष किसी अन्य स्थान पर रहता था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती जांच में लापता बेटे हर्ष की भूमिका पर संदेह है। उसकी तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
फिलहाल पुलिस का मानना है कि हर्ष के मिलने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की कड़ियां स्पष्ट हो सकेंगी। दूसरी ओर, हर्षिता का शव पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल में रखवाया गया था, लेकिन शनिवार सुबह तक परिवार का कोई सदस्य वहां नहीं पहुंचा। शव डीकंपोज होने के कारण अब एमवाय अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
Speed
0.9x
Idle

Post a Comment