इंदौर के एयरपोर्ट रोड पर मेट्रो प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य के दौरान हुए हादसे में घायल 80 वर्षीय बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। क्रेन की चेन टूटकर उनके सिर पर गिर गई थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। गुरुवार शाम उन्होंने अस्पताल में दम तोड़ दिया। शुक्रवार सुबह जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया।

पुलिस के अनुसार, घटना 30 अक्टूबर की है। सरकारी प्रेस से सेवानिवृत्त विनोद उम्र (80) एयरपोर्ट रोड स्थित अपने घर से पैदल निकले थे। इसी दौरान मेट्रो निर्माण कार्य में लगी क्रेन भारी सामान उठा रही थी। अचानक उसकी चेन का एक हिस्सा टूटकर विनोद के सिर पर जा लगा। चोट लगने से वह मौके पर ही गिर पड़े।

हादसे के बाद उन्हें भाटिया अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें शैल्बी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां गुरुवार शाम उनकी मौत हो गई। उनके परिवार में बेटे हैं। परिजनों ने मेट्रो निर्माण कार्य में लापरवाही का आरोप लगाया है।

टीआई के मुताबिक, घटना के दो दिन बाद पुलिस ने क्रेन जब्त कर ली थी। इस मामले में क्रेन चालक के खिलाफ लापरवाही से जुड़ी एफआईआर दर्ज की गई थी। क्रेन एक निजी कंपनी की थी और चालक फिलहाल जमानत पर है। बुजुर्ग की मौत के बाद मर्ग जांच पूरी होने पर प्रकरण में एक अतिरिक्त धारा जोड़ी जाएगी। पुलिस चालक और ठेकेदार की भूमिका की जांच कर रही है।


Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post