अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार को एक बड़ा विमान हादसा हुआ। नौ लोगों को लेकर जा रहा एक प्राइवेट बिजनेस जेट पाम बीच काउंटी के क्रेस्टहेवन इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान गिरते ही उसमें भीषण आग लग गई, जिसमें सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर आग की ऊंची लपटें उठने लगीं और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विमान ने टेक्सास के ऑस्टिन से उड़ान भरी थी और उसे बहामास जाना था। इसी दौरान यह मिलिट्री ट्रेल नाम की छह लेन वाली व्यस्त सड़क के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान तेजी से नीचे आया और सड़क पर जा गिरा। हादसे के दौरान जोरदार धमाका हुआ, जिससे आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। विमान पास के रिहायशी मकानों से टकराने से बच गया, जिससे संभावित रूप से बड़ा नुकसान टल गया।
हादसे के बाद प्रशासन ने आसपास के मोबाइल होम समुदाय के करीब 600 निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था की। अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा को देखते हुए निकासी अभियान चलाया गया और दो राहत केंद्रों की व्यवस्था की गई। हादसे के बाद मिलिट्री ट्रेल के प्रभावित हिस्से पर दोनों ओर का यातायात बंद कर दिया गया।
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, जमीन पर मौजूद किसी अन्य व्यक्ति की मौत या घायल होने की सूचना नहीं मिली है। विमान हादसे की जांच की जिम्मेदारी राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) को सौंपी गई है, जबकि संघीय उड्डयन प्रशासन (FAA) भी जांच में सहयोग कर रहा है।
जांच एजेंसियों को मिले एयर ट्रैफिक कंट्रोल के रेडियो संवाद में हादसे से पहले पायलट ने विमान में बर्फ जमने और मध्यम स्तर की टर्बुलेंस (हवाई झटकों) की जानकारी दी थी। इसके कुछ ही समय बाद पायलट ने आपातकालीन संदेश भेजा। विमान तेजी से नीचे आने लगा था। हालांकि, मौसम या तकनीकी खराबी में से किसी को भी अभी हादसे का आधिकारिक कारण घोषित नहीं किया गया है।

Post a Comment