दिल्ली के मयूर विहार इलाके में बुधवार को एक निजी स्कूल की कक्षा में अचानक गिरने से नौ वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। बच्ची तीसरी कक्षा में पढ़ती थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत की वजह जानने के लिए स्कूल के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है।


पुलिस के मुताबिक, 4 नवंबर की सुबह करीब 9:52 बजे बच्ची की तबीयत बिगड़ने की सूचना पर PCR कॉल मिली थी। इसके बाद उसे निर्माण विहार स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बच्ची क्लासरूम में पहुंचने के कुछ देर बाद अचानक जमीन पर गिर गई थी। सीसीटीवी फुटेज में वह पहले अपनी कमर पर हाथ रखती दिखाई देती है और फिर नीचे गिर जाती है। उसे गिरता देख शिक्षिका तुरंत उसके पास पहुंचीं और कुर्सी पर बैठाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह बेहोश हो चुकी थी।

फुटेज में इसके बाद शिक्षिका को मदद के लिए कक्षा से बाहर जाते और कुछ सेकंड बाद लौटकर बच्ची को बाहर ले जाते हुए देखा गया है। स्कूल परिसर के अन्य कैमरों में बच्ची घटना से पहले दूसरे विद्यार्थियों के साथ सीढ़ियां चढ़ती और परिसर में घूमती नजर आई है।

शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि बच्ची की मौत हार्ट अटैक के कारण हुई हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने बताया कि बच्ची के माता-पिता और स्कूल प्रबंधन के बयान दर्ज किए जाने बाकी हैं। मौत की वास्तविक वजह जानने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post