इंदौर में मौसम का मिजाज बदलने लगा है और शहर में गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा है। सुबह के समय हल्की ठंड महसूस की जा रही है। हालांकि, दिन में धूप निकलने के साथ बादलों की आवाजाही भी बनी हुई है। शुक्रवार को भी सुबह धूप खिली, लेकिन दिनभर आसमान में बादल और सूरज के बीच लुकाछिपी जारी रहने का अनुमान है।
अरनब तूफान का प्रभाव इंदौर के मौसम पर भी पड़ रहा है। हालांकि, शहर में अब तक तेज बारिश या बूंदाबांदी नहीं हुई है। शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे एक दिन पहले गुरुवार को इसी समय तापमान 23 डिग्री था। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में ठंड का असर बढ़ेगा और आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। नवंबर से ठंडी हवाएं चलने की भी संभावना है।
गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री कम था। वहीं, रात का न्यूनतम तापमान 19.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा। रात के तापमान में बढ़ोतरी की वजह आसमान में बादलों का बने रहना माना जा रहा है। इसके चलते लोगों को रात में भी पंखे और कूलर चलाने की जरूरत महसूस हुई।
शुक्रवार सुबह हल्की ठंड के बीच मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहा। इस दौरान हवा की रफ्तार करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। फिलहाल शहर में कोहरे की शुरुआत नहीं हुई है और दृश्यता सामान्य बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में बदलाव के साथ ठंडक धीरे-धीरे बढ़ेगी।

Post a Comment