इंदौर के क्रिसेंट वॉटर पार्क के पास तेंदुए को पकड़ने में वन विभाग को सफलता मिली है। शनिवार को विभाग की ओर से लगाए गए पिंजरे में एक नर तेंदुआ कैद हो गया। अधिकारियों के अनुसार, तेंदुआ भोजन की तलाश में पिंजरे के पास पहुंचा था। जांच के दौरान वह पूरी तरह स्वस्थ पाया गया। अब उसे आबादी से दूर जंगल में छोड़ने की तैयारी की जा रही है।

तेंदुए के पकड़े जाने से उमरिया खुर्द और आसपास के गांवों के लोगों ने राहत महसूस की है। हालांकि, ग्रामीणों की चिंता अभी खत्म नहीं हुई है। गुरुवार को इसी इलाके में एक तेंदुआ दिखाई दिया था, जिसके सिर और चेहरे पर चोट के निशान थे। ग्रामीणों को आशंका है कि शनिवार को पकड़ा गया तेंदुआ उस घायल तेंदुए से अलग हो सकता है।

दरअसल, उमरिया खुर्द गांव में तेंदुआ दिखाई देने के बाद वन विभाग ने उसकी तलाश शुरू की थी। तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए इलाके में पिंजरे लगाए गए थे। इसी दौरान शनिवार को एक तेंदुआ भोजन की तलाश में पिंजरे तक पहुंचा और उसमें फंस गया। वन विभाग की टीम ने जांच के बाद उसे स्वस्थ बताया।

गुरुवार को एक ग्रामीण के घर के पास दिखाई दिए तेंदुए के सिर और चेहरे पर खून के निशान नजर आए थे। इसके बाद से इलाके के लोगों में डर का माहौल था। वन विभाग की टीमें लगातार क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रख रही थीं।

अब स्वस्थ तेंदुआ पकड़े जाने के बाद यह स्पष्ट नहीं है कि वह वही तेंदुआ है, जिसे गुरुवार को देखा गया था, या घायल तेंदुआ अब भी इलाके में मौजूद है। वन विभाग ने इसकी पुष्टि नहीं की है। घायल तेंदुए की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में निगरानी जारी है।

डीएफओ ने बताया कि पिंजरे में पकड़ा गया नर तेंदुआ पूरी तरह स्वस्थ है। उसे आबादी से दूर स्थित जंगल में छोड़ा जाएगा। वन विभाग की प्राथमिकता तेंदुए को सुरक्षित प्राकृतिक आवास में पहुंचाने के साथ ही ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।


Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post