दिल्ली: शाहदरा जिले के कृष्णा नगर स्थित एक सरकारी स्कूल में 12वीं कक्षा की छात्रा की आग में झुलसने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। शुरुआती जानकारी के अनुसार, छात्रा की उम्र करीब 18 से 19 वर्ष बताई जा रही है। उसका जन्मदिन 25 अक्टूबर को था।

यह घटना कृष्णा नगर स्थित सर्वोदय कन्या विद्यालय की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, छात्रा स्कूल के गार्ड रूम के पीछे जली हुई हालत में मिली थी। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि उसने खुद को आग लगाई थी। घटनास्थल और छात्रा के स्कूल बैग से कुछ सामान बरामद किया गया है। पुलिस को मौके से तीन सुसाइड नोट मिलने की जानकारी भी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला प्रेम संबंध से जुड़ा हो सकता है, हालांकि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। घटनास्थल से सबूत जुटाने के लिए क्राइम टीम को बुलाया गया। पुलिस स्कूल प्रबंधन से भी पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।

छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।

छात्रा की बहन ने बताया कि वह सुबह अपनी भतीजी के साथ छात्रा को स्कूल छोड़ने गई थी। उस समय छात्रा सामान्य और खुश दिखाई दे रही थी। उसे किसी परेशानी का अंदेशा नहीं हुआ। दोपहर में स्कूल प्रबंधन की ओर से फोन कर छात्रा की आत्महत्या की जानकारी दी गई।

छात्रा की भाभी ने भी बताया कि स्कूल जाते समय उसके व्यवहार में कोई परेशानी नजर नहीं आई थी। फिलहाल पुलिस परिजनों, स्कूल प्रबंधन और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।


Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post