उत्तर प्रदेश के आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर शनिवार सुबह कंटेनर और डंपर की टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में डंपर चालक और क्लीनर की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों के शव वाहन की सीट से चिपके मिले।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना सुबह करीब 5:45 बजे हुई। टक्कर के बाद तेज आवाज के साथ धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में दोनों वाहनों में आग फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

हादसे के कारण आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर किनारे कराया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

मृतकों की पहचान धौलपुर जिले के मनिया थाना क्षेत्र निवासी आकाश (25) वर्ष और करुआ (24) वर्ष  के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, गिट्टी से भरा डंपर अलीगढ़ से आगरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे फ्रोजन मटर से लदे कंटेनर से उसकी टक्कर हो गई।

हादसे के समय डंपर के पीछे बाइक से आ रहे दो युवक भी उससे टकरा गए। कंटेनर चालक ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली, लेकिन डंपर चालक और क्लीनर अंदर फंस गए और आग की चपेट में आ गए।

बाइक सवार सुमित और सीटू हादसे में घायल हुए हैं। दोनों खंदौली क्षेत्र के निवासी हैं और उनका इलाज चल रहा है। घायल सुमित ने बताया कि वह सीटू के साथ बाइक से सादाबाद मंडी गए थे। लौटते समय उनके आगे चल रहे डंपर ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे उनकी बाइक उससे टकरा गई।

पुलिस की शुरुआती जांच में डंपर चालक को नींद की झपकी आने की आशंका जताई गई है। इंस्पेक्टर उपेंद्र श्रीवास्तव के मुताबिक, दोनों मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं। डंपर मालिक से संपर्क कर मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।


Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post