मध्य प्रदेश लोकसेवा आयोग (MPPSC) का इस साल के शेष समय में सबसे ज्यादा जोर इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी करने पर रहेगा। आयोग के कैलेंडर के अनुसार अब दो बड़ी परीक्षाओं के साथ कुछ छोटी परीक्षाएं भी आयोजित होना बाकी हैं।

4 अक्टूबर को असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा-2025 का तीसरा चरण आयोजित किया जाएगा। इसमें केमेस्ट्री के 116, हिस्ट्री के 58, गणित के 107 और फिजिक्स के 120 पद शामिल हैं। इसके बाद 29 नवंबर को चौथे चरण की परीक्षा होगी, जिसमें जूलॉजी के 119 और कम्प्यूटर साइंस के 29 पद हैं।

वहीं 1 नवंबर को एडीपीओ भर्ती परीक्षा आयोजित होगी। 107 पदों के लिए होने वाली इस परीक्षा में करीब 30 हजार अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा कम पदों वाली कुछ अन्य परीक्षाएं भी निर्धारित हैं।

4 अक्टूबर को असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा-2025 के साथ आंतरिक लेखा अधिकारी परीक्षा भी होगी। 22 नवंबर को सहायक संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास परीक्षा-2025 आयोजित की जाएगी। इसी दिन वैज्ञानिक अधिकारी भौतिकी, रसायन एवं जीव विज्ञान परीक्षा-2026 और सहायक संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास सांख्यिकी परीक्षा-2026 भी होगी।

आयोग की योजना है कि यदि दिसंबर में किसी परीक्षा का परिणाम जारी होता है तो उसके इंटरव्यू भी 31 दिसंबर से पहले पूरे कर लिए जाएं, जिससे अगले साल इंटरव्यू का लंबित काम कम रखा जा सके। हालांकि, असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा के अंतिम तीन चरणों को इससे अलग रखा गया है। इसके पहले चरण के इंटरव्यू इसी साल होने की संभावना है, जबकि बाकी तीन चरणों के इंटरव्यू 2027 में आयोजित किए जा सकते हैं।

असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती-2024 के करीब 90 प्रतिशत विषयों के इंटरव्यू आयोग पूरा कर चुका है। शेष विषयों के इंटरव्यू नवंबर में समाप्त होने की उम्मीद है। इसके अलावा दिसंबर में राज्य सेवा परीक्षा-2025 और 2026 के इंटरव्यू कराने की भी तैयारी है।

अगले साल जनवरी-फरवरी में एडीपीओ भर्ती, सहायक संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास, वैज्ञानिक अधिकारी भौतिकी, रसायन एवं जीव विज्ञान और सहायक संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास सांख्यिकी जैसी परीक्षाओं के इंटरव्यू कराए जाने की संभावना है।

Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post