इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में बुधवार शाम सोलर पैनल लगाने के दौरान करंट लगने से 28 वर्षीय कारीगर शशांक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि काम के दौरान वह पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया और नीचे गिर पड़ा। घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद ठेकेदार और कंपनी मालिक ने परिजनों को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बाणगंगा पुलिस के मुताबिक, शशांक राधिका एंटरप्राइजेज कंपनी में काम करता था। हादसे के बाद उसे पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर एमवाय अस्पताल भेजा गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, शशांक के पिता का कई साल पहले निधन हो चुका है। परिवार में उसकी मां और दो छोटी बहनें हैं। वह घर में अकेला कमाने वाला था और परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था।
हादसे के बाद परिजनों ने कंपनी मालिक और ठेकेदार से घटना की जानकारी मांगी। उनका आरोप है कि उन्हें हादसे के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। पुलिस का कहना है कि जांच में लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment