इंदौर में मेट्रो सेवा का दायरा अब बढ़कर करीब 17.5 किलोमीटर होने जा रहा है। 5 सितंबर को विजय नगर स्थित ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में शाम 4 बजे विस्तारित मेट्रो सेवा का शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद 6 सितंबर से गांधी नगर से मालवीय नगर चौराहा स्थित रेडिसन होटल चौराहे तक आम यात्रियों के लिए मेट्रो का संचालन शुरू हो जाएगा।
इस विस्तारित कॉरिडोर पर यात्रियों को हर 15 मिनट में मेट्रो उपलब्ध होगी। रोजाना 80 से अधिक फेरे लगाए जाएंगे। ट्रेन सेवा सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक संचालित होगी। गांधी नगर और रेडिसन चौराहे, दोनों तरफ से पहली ट्रेन सुबह 9 बजे और आखिरी ट्रेन शाम 7 बजे रवाना होगी।
गांधी नगर से रेडिसन चौराहे तक करीब 17.5 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर पर कुल 16 स्टेशन हैं। इस दौरान मेट्रो सुपर कॉरिडोर, एमआर-10, आईएसबीटी, चंद्रगुप्त मौर्य प्रतिमा, हीरा नगर, बापट चौराहा, मेघदूत गार्डन और विजय नगर समेत प्रमुख क्षेत्रों से होकर गुजरेगी।
फिलहाल गांधी नगर से सुपर कॉरिडोर-3 तक करीब 6.3 किलोमीटर हिस्से में यात्री सेवा चल रही है। नए हिस्से के शुरू होने के बाद इंदौर का मेट्रो नेटवर्क मौजूदा लंबाई के मुकाबले करीब तीन गुना हो जाएगा।
मेट्रो ट्रेन में पूरी तरह वातानुकूलित सुविधा होगी। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए स्टेशनों पर CCTV कैमरे, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, एस्केलेटर और लिफ्ट उपलब्ध हैं। दिव्यांग यात्रियों के लिए भी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं।
यात्री मोबाइल ऐप के जरिए डिजिटल टिकट खरीद सकेंगे। किराये के भुगतान के लिए UPI, QR कोड सहित अन्य डिजिटल विकल्प उपलब्ध रहेंगे।
यात्रियों को टिकट पर प्रमोशनल छूट भी दी जाएगी। रिटर्न जर्नी टिकट पर 5 प्रतिशत और ग्रुप टिकट पर 10 प्रतिशत की छूट मिलेगी। इसके अलावा मोबाइल ऐप के ई-वॉलेट में राशि रिचार्ज करने पर निर्धारित राशि के अनुसार बोनस का लाभ भी दिया जाएगा।

Post a Comment