इंदौर में आज अनंत चतुर्दशी के अवसर पर भव्य गणेश झांकी चल समारोह निकाला जाएगा। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से झांकियां डीआरपी लाइन चौराहे पर पहुंचेंगी। यहां से चल समारोह चिकमंगलूर चौराहा, जेल रोड चौराहा, एमजी रोड चौराहा, मृगनयनी, फ्रूट मार्केट, नंदलालपुरा, जवाहर मार्ग, नरसिंह बाजार, क्लॉथ मार्केट, खजूरी बाजार और राजवाड़ा होते हुए आगे बढ़ेगा। इसके बाद झांकियां मृगनयनी और नगर निगम क्षेत्र से होते हुए अपने-अपने स्थानों पर लौटेंगी।

चल समारोह को देखते हुए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेगा। ट्रैफिक डायवर्जन व्यवस्था दोपहर 3 बजे से चल समारोह समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी।

यातायात पुलिस के अनुसार, पूरे आयोजन के दौरान यातायात व्यवस्था के लिए थ्री-लेयर प्लान तैयार किया गया है। निर्धारित डायवर्जन पॉइंट, पार्किंग क्षेत्रों और वैकल्पिक मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।

वाहन चालकों के लिए प्रमुख वैकल्पिक मार्ग

  1. मरीमाता से रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जाने वाले वाहन भागीरथपुरा तिराहा, एमआर-4, राजकुमार ब्रिज के नीचे, वल्लभ नगर तिराहा और जीएसआईटीएस मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।
  2. जवाहर मार्ग से नंदलालपुरा और यशवंत रोड की ओर जाने वाले वाहन सैफी चौराहा, हाथीपाला, बड़ा रावला और रावजी बाजार थाना मार्ग से जा सकेंगे।
  3. मधुमिलन चौराहा से नंदलालपुरा, यशवंत रोड और राजमोहल्ला की ओर जाने के लिए फॉरेस्ट तिराहा, अग्रसेन चौराहा और सपना-संगीता रोड का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
  4. रीगल और लेफ्टिनेंट चौराहा से मरीमाता की ओर जाने वाले वाहन वल्लभ नगर तिराहा, राजकुमार ब्रिज के नीचे, एमआर-4 और भागीरथपुरा तिराहा होकर मरीमाता पहुंच सकेंगे।
  5. रीगल चौराहा से शास्त्री ब्रिज, मृगनयनी, राजवाड़ा और यशवंत रोड की ओर जाने वाले वाहन जीपीओ चौराहा, फॉरेस्ट तिराहा, अग्रसेन चौराहा और सपना-संगीता रोड का उपयोग करें।
  6. नंदलालपुरा, यशवंत रोड, रामलक्ष्मण बाजार, नरसिंह बाजार, जी. सच्चिदानंद, गौराकुंड, शक्कर बाजार, सुभाष चौक, राजवाड़ा और कृष्णपुरा पुल क्षेत्र में पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी।
  7. जवाहर मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालक इस मार्ग से बचते हुए राजमोहल्ला या मालगंज चौराहा से बियाबानी, दरगाह चौराहा और बियाबानी से कलेक्टर चौराहा की ओर जा सकेंगे।
  8. मल्हारगंज थाना क्षेत्र से एमजी रोड, राजवाड़ा और मृगनयनी की ओर जाने वाले वाहन एसीपी कार्यालय, बड़वाली चौकी, सुभाष मार्ग और नगर निगम होकर आगे जा सकेंगे।

इन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध

भागीरथपुरा तिराहा से भंडारी ब्रिज तिराहा, नगर निगम से मृगनयनी और चिकमंगलूर चौराहा, राजकुमार ब्रिज से डीआरपी चौराहा तथा रीगल चौराहा से शास्त्री ब्रिज और मृगनयनी की ओर यातायात प्रतिबंधित रहेगा।

इसके अलावा सैफी चौराहा से संजय सेतु, संजय सेतु से नंदलालपुरा, नंदलालपुरा से यशवंत रोड, मच्छी बाजार से यशवंत रोड, दरगाह चौराहा से नरसिंह बाजार और मालगंज से नरसिंह बाजार की ओर भी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

बियाबानी से मालगंज, लोहार पट्टी से कांच मंदिर, टोरी कॉर्नर से मल्हारगंज थाना और गौराकुंड तथा गोवर्धन टेलर तिराहा से गौराकुंड की ओर भी प्रतिबंध रहेगा।

चल समारोह के पूरे रूट पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। रामबाग, महेश जोशी तिराहा, सुभाष चौक पानी की टंकी, एसीपी कार्यालय मल्हारगंज, बड़वाली चौकी, इतवारिया बाजार, सब्जी मंडी, दरगाह चौराहा, मच्छी बाजार, पंढरीनाथ थाना तिराहा, गौतमपुरा तिराहा और कबूतरखाना चौकी की ओर से कोई भी वाहन चल समारोह मार्ग में प्रवेश नहीं कर सकेगा।

यह प्रतिबंध चल समारोह शुरू होने से लेकर उसके समाप्त होने तक लागू रहेगा।

भारी वाहनों के लिए भी प्रतिबंध

भारी वाहनों की आवाजाही पर भी कई मार्गों पर रोक रहेगी। रीगल चौराहा से गांधी भवन, वल्लभ नगर तिराहा से राजकुमार ब्रिज और डीआरपी लाइन, पत्थर गोदाम से राजकुमार ब्रिज तथा भंडारी ब्रिज के नीचे से डीआरपी लाइन की ओर भारी वाहन नहीं जा सकेंगे।

परदेशीपुरा तिराहा से भंडारी ब्रिज होकर डीआरपी लाइन, भागीरथपुरा से शिवालय तिराहा, मरीमाता से इमली बाजार, बड़ा गणपति से टोरी कॉर्नर, वायरलेस चौराहा से बड़ा गणपति और चंदन नगर से गंगवाल चौराहा की ओर भी भारी वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा।

इसके अलावा पटेल प्रतिमा से संजय सेतु, महूनाका से कलेक्टर चौराहा और गुलजार चौकी से कलेक्टर चौराहा की ओर भी भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनंत चतुर्दशी के दौरान निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और डायवर्जन व्यवस्था के अनुसार ही यात्रा की योजना बनाएं।

Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post