इंदौर के बाणगंगा क्षेत्र में बुधवार सुबह चाय की टपरी के पास एक युवक का शव मिलने से पुलिस ने जांच शुरू कर दी। सूचना मिलते ही एसीपी और थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान परदेशी इक्का के रूप में हुई है। उसके सिर पर मामूली चोट का निशान मिला है।
पुलिस के अनुसार, एक गैस एजेंसी के प्लॉट के पास सेक्टर-1 में शव पड़े होने की सूचना मिली थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। शुरुआती जांच में पुलिस अधिकारियों ने हत्या की आशंका से इनकार किया है। हालांकि, पुलिस हादसे समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मौत की वास्तविक वजह एफएसएल जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, परदेशी इक्का मूल रूप से झांसी का रहने वाला था और पिछले कई वर्षों से इंदौर में रह रहा था। वह एक फैक्ट्री में काम करता था। पुलिस को शव के पास से शराब की गंध भी मिली है, इसलिए इस पहलू को भी जांच में शामिल किया गया है।
मामले की जांच के तहत पुलिस ने पास की शराब दुकान के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। साथ ही, मृतक के कुछ दोस्तों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।

Post a Comment