ग्वालियर। डबरा सिटी थाना क्षेत्र के जंगीपुरा में बुधवार रात करीब 11 बजे कच्चे मकान की छत की पट्टियां अचानक गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे के समय एक कमरे में सो रहे एक ही परिवार के सात सदस्य मलबे के नीचे दब गए।

छत गिरने के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। प्रशासनिक टीम के पहुंचने से पहले स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर मलबे में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला। हादसे में परिवार की 35 वर्षीय महिला और उसके दो साल के इकलौते बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में परिवार के मुखिया समेत चार बच्चे घायल हुए हैं। घायलों में 10 वर्षीय खुशबू, 12 वर्षीय वैशाली, 14 वर्षीय राखी और 40 वर्षीय जागेंद्र शामिल हैं। सभी को उपचार के लिए पहले डबरा के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर देर रात ग्वालियर के जेएएच अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है।

परिजनों ने डबरा के सिविल अस्पताल में घायलों के इलाज में देरी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मलबे से निकालने के बाद घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन काफी देर तक उपचार शुरू नहीं हुआ। इसके बाद उनकी स्थिति बिगड़ने पर ग्वालियर रेफर किया गया।

परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। परिवार के मुखिया मजदूरी कर घर का खर्च चलाते थे। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और राज्य सरकार से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने के साथ पक्का मकान उपलब्ध कराने की मांग की है।

Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post