इंदौर के छत्रीपुरा क्षेत्र में बुधवार को 35 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने क्षेत्र की एक महिला पर कर्ज और ब्याज के लेन-देन को लेकर युवक को मानसिक रूप से परेशान करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घटना बारा भाई मोहल्ले की बताई जा रही है। मृतक की पहचान सुरेंद्र के रूप में हुई है। वह पेंटर के साथ ढोल बजाने का काम भी करता था। परिजनों के अनुसार, बच्चों ने सुरेंद्र को फंदे पर लटका देखा और इसकी सूचना उसके बड़े भाई गणेश को दी। सुरेंद्र के परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं।

परिजनों के मुताबिक, इलाके में रहने वाली एक महिला ब्याज पर रुपए देती है। करीब तीन महीने पहले सुरेंद्र ने उससे 40 हजार रुपए उधार लिए थे। परिवार का दावा है कि उसने यह रकम ब्याज समेत वापस कर दी थी। हालांकि, महिला की ओर से अभी 8 हजार रुपए और बकाया होने की बात कही जा रही थी।

परिजनों का आरोप है कि इसी पैसों के लेन-देन को लेकर बुधवार को महिला ने सुरेंद्र को बुलाया था। वहां उसके साथ कथित तौर पर अपमानजनक व्यवहार किया गया और उस पर लगातार पैसे लौटाने का दबाव बनाया जा रहा था। परिवार ने महिला पर मानसिक प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

सूचना मिलने के बाद छत्रीपुरा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज करना शुरू कर दिया है। महिला पर लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post