इंदौर के आजाद नगर इलाके में रविवार रात हुई चाकूबाजी में घायल युवक शिवांश उर्फ शिवा की सोमवार रात अरविंदो अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक्टिवा और बाइक की टक्कर के बाद विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपियों ने शिवांश के पैर में चाकू मार दिया। घटना के बाद आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए झूठी कहानी भी बताई थी। पुलिस की जांच में पूरी घटना सामने आ गई।
टीआई लोकेश भदौरिया के मुताबिक, चाकूबाजी में घायल शिवांश की सोमवार रात मौत हुई। घटना में सुमित, सिमोन और दीपक पर हमला करने का आरोप है। शिवांश के साथ मौजूद उसके दोस्त अमित और लक्की भी चाकूबाजी में घायल हुए थे।
पुलिस के अनुसार, शिवांश एक्टिवा से जा रहा था, तभी उसकी बाइक सवार दीपक से टक्कर हो गई। इसके बाद शिवांश ने अपने साथियों को मौके पर बुलाया। कुछ देर बाद दीपक के साथ सुमित और सिमोन भी वहां पहुंच गए। इसी दौरान सुमित ने शिवांश के पैर में चाकू मार दिया। हमले में उसके दोनों दोस्त भी घायल हो गए।
घटना के बाद अमित और लक्की घायल शिवांश को एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे। अधिक खून बहने के कारण उसे बाद में जुपिटर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद परिजन उसे अरविंदो अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद दीपक ने खुद अपने हाथ पर चाकू मार लिया और थाने पहुंचकर दावा किया कि वाहन टकराने के बाद कुछ लोगों ने उस पर हमला किया और भाग गए। सूचना मिलने पर टीआई अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां काफी खून मिला, जबकि दीपक के हाथ पर मामूली चोट थी।
पुलिस ने दीपक से पूछताछ की तो उसने शिवांश को चाकू मारने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने सुमित और सिमोन के साथ उसे भी गिरफ्तार कर लिया। मामले में तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।

Post a Comment