देश के कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित है। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में लगातार तीसरे दिन बारिश के कारण निचले इलाकों में कई घरों के अंदर पानी भर गया। जलभराव के चलते बेड, सोफा और अन्य घरेलू सामान पानी में डूब गए। जिले में लगातार दूसरे दिन सभी स्कूल बंद रखे गए हैं। रामबाग रेलवे स्टेशन के तीन रेलवे ट्रैक भी पानी में डूबने से रेल संचालन प्रभावित हुआ है।
बिहार के बगहा में गंडक नदी के तेज कटाव से एक प्राथमिक स्कूल प्रभावित हुआ है। स्कूल के पांच कमरों में से चार नदी में बह गए, जबकि बचा हुआ हिस्सा भी कटाव की चपेट में है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर में भारी बारिश के दौरान हुए भूस्खलन में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक ट्रक चालक और नेपाल के दो मजदूर शामिल हैं। बारिश और भूस्खलन के कारण राज्य में 88 सड़कें बंद हैं। इनमें मंडी की 32, कुल्लू की 25 और सिरमौर की 10 सड़कें शामिल हैं।
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में भी भूस्खलन की घटनाओं में तीन लोगों की जान चली गई। राज्य में बारिश और भूस्खलन के चलते 124 सड़कें बंद हैं। पिथौरागढ़ में बीआरओ के कुलागाड़ वैली ब्रिज पर चट्टानें गिरने के बाद पुल काली नदी में समा गया। इससे कैलाश मानसरोवर मार्ग पर आवाजाही बाधित हो गई है।
उत्तर प्रदेश के 13 जिलों के 173 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। करीब 13,058 हेक्टेयर क्षेत्र में बाढ़ का असर है, जबकि 84,362 लोग प्रभावित हुए हैं। प्रशासन अब तक 4,800 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा चुका है। प्रभावित जिलों में बदायूं, बहराइच, बलिया, बाराबंकी, बिजनौर, फर्रुखाबाद, गौतमबुद्ध नगर, गोंडा, कासगंज, लखीमपुर खीरी, मुजफ्फरनगर, सीतापुर और उन्नाव शामिल हैं।
असम के जोनाई में पुल टूटने के बाद स्कूली बच्चों को नदी पार कर स्कूल जाना पड़ रहा है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, कई बच्चे नाव नहीं मिलने पर पैदल नदी पार करते नजर आए। इस दौरान उनके कपड़े और किताबें भीग जाती हैं। नाव में क्षमता से अधिक बच्चों के सवार होने के कारण हादसे का खतरा भी बना हुआ है।
हरियाणा में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। राज्य के 16 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मंगलवार को पंचकूला में तेज बारिश के बाद घग्गर समेत कई नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया। नाडा साहिब गुरुद्वारे के पास स्थित पुलिस ट्रेनिंग कैंप का पुल भी तेज बहाव के कारण बह गया।

Post a Comment