मध्य प्रदेश के युवाओं को नवाचार, नेतृत्व और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से 11 जुलाई को इंदौर स्थित ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में 'माय यूथ माय प्राइड कॉन्क्लेव-2026' का आयोजन किया जाएगा। 'वन स्टेट, वन जनरेशन, वन संकल्प' थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से करीब 5 हजार युवाओं के शामिल होने की संभावना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहकर युवाओं को संबोधित करेंगे।
कॉन्क्लेव की शुरुआत सुबह 10 बजे होगी। इस दौरान युवाओं को मध्य प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार और सुझाव साझा करने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे कार्यक्रम में पहुंचकर युवाओं से संवाद करेंगे और विकसित, आत्मनिर्भर तथा समृद्ध मध्य प्रदेश के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी का आह्वान करेंगे।
इस आयोजन में शिक्षा, कौशल विकास, खेल, स्टार्टअप, एमएसएमई, कृषि, स्वास्थ्य, पर्यावरण, संस्कृति, पर्यटन और जनभागीदारी जैसे क्षेत्रों से जुड़े युवा हिस्सा लेंगे। विभिन्न संवाद सत्रों और कार्यशालाओं के माध्यम से प्रतिभागी अपने-अपने क्षेत्रों की चुनौतियों, संभावनाओं और उनके व्यावहारिक समाधान पर चर्चा करेंगे।
कॉन्क्लेव की प्रमुख विशेषता पांच समानांतर विषय आधारित कार्यशालाएं होंगी, जिनमें युवा क्रियान्वयन योग्य सुझाव तैयार करेंगे। इन सुझावों को एकत्र कर प्रदेश के युवाओं का सामूहिक 'युवा संकल्प' तैयार किया जाएगा, जो मध्य प्रदेश के भविष्य के विकास की दिशा तय करने वाला विजन प्रस्तुत करेगा।
कार्यक्रम में मोटर साइकिल और साइकिल रैली, प्रेरक उद्बोधन, युवा उपलब्धि सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, संवादात्मक सत्र, म्यूजिक स्टेज, इंदौरी फूड स्ट्रीट और सामूहिक युवा संकल्प जैसे कई आकर्षण भी शामिल रहेंगे। समापन अवसर पर करीब 5 हजार युवा विकसित मध्य प्रदेश के निर्माण का सामूहिक संकल्प लेंगे।

Post a Comment