इंदौर। मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र बिजली वितरण कंपनी में कार्यरत सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर (फाइनेंस) शिवराम के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ 9 ठिकानों पर छापेमारी की। प्रारंभिक जांच में उनकी वैध आय की तुलना में करीब 258 प्रतिशत अधिक संपत्ति मिलने का खुलासा हुआ है। तलाशी के दौरान 4 किलो चांदी, 300 ग्राम सोना और 3 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए। फिलहाल अधिकारी इंदौर स्थित कंपनी कार्यालय में पदस्थ हैं।

यह कार्रवाई लोकायुक्त एसपी राजेश सहाय के नेतृत्व में की गई। इंदौर, धार जिले के पीथमपुर और बगदून, तथा मुरैना सहित कुल 9 स्थानों पर एक साथ छापे मारकर दस्तावेजों और संपत्तियों की जांच की गई।

जांच के दौरान पीथमपुर में बेटे के नाम पर संचालित ट्रांसफॉर्मर निर्माण फैक्ट्री मिली, जो करीब 880 वर्गमीटर क्षेत्र में फैली है। इसकी अनुमानित लागत 1.25 करोड़ रुपये बताई गई है।

इसके अलावा बहू और अन्य परिजनों के नाम पर 50 लाख रुपये की शेयर पूंजी वाली एक कंपनी का संचालन सामने आया। इस कंपनी के माध्यम से दो औद्योगिक प्लॉट खरीदे गए, जहां पुरानी और नई फैक्ट्री के निर्माण में लगभग 1 करोड़ रुपये का निवेश पाया गया।

धार के औद्योगिक क्षेत्र में दामाद और बेटे के नाम पर तीन औद्योगिक प्लॉट भी मिले हैं, जिनमें करीब 1.50 करोड़ रुपये का निवेश होने की जानकारी मिली है।

जांच एजेंसियों को कृष्णा पावर और ए-वन इलेक्ट्रिकल नाम से संचालित अन्य इकाइयों की भी जानकारी मिली है। इनसे जुड़े करोड़ों रुपये के निवेश की जांच जारी है।

तलाशी के दौरान इंदौर में एक तीन मंजिला मकान मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 1.20 करोड़ रुपये आंकी गई है। वहीं मुरैना में दो मंजिला मकान मिला है, जिसकी कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है।

जांच में शुभम इलेक्ट्रिकल का एक कॉर्पोरेट कार्यालय भी मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 60 लाख रुपये है। इसके अलावा एयरपोर्ट रोड और देवास नाका क्षेत्र में संबंधित कंपनी के अन्य कार्यालय भी सामने आए।

लोकायुक्त को बेटों के नाम पर एक आवासीय प्लॉट और शुभम इलेक्ट्रिकल के नाम से 15 लाख रुपये की महिंद्रा इलेक्ट्रिक कार भी मिली है।

लोकायुक्त पुलिस ने शिवराम के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 13(1)(B) और 13(2) के तहत एफआईआर दर्ज की है।

फिलहाल डीएसपी सुनील तालान, आनंद चौहान, दिनेश पटेल और दीपक शेजवार सहित लोकायुक्त की कई टीमें सभी 9 ठिकानों पर दस्तावेजों, बैंक खातों और संभावित बेनामी संपत्तियों की विस्तृत जांच में जुटी हुई हैं।

Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post