इंदौर में नगर निगम और जिला प्रशासन ने शनिवार को संयुक्त अभियान चलाकर शासकीय भूमि से बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाया। खजराना क्षेत्र में एक दरगाह के सामने सरकारी जमीन पर बने 50 से अधिक झोपड़ों, 15 शेड, 8 बड़ी दुकानों और 3 अवैध मकानों को ध्वस्त किया गया। अधिकारियों के अनुसार, कई वर्षों से इस भूमि पर अवैध कब्जा था और कुछ लोगों ने यहां बनी दुकानों व शेड को किराए पर देकर आर्थिक लाभ भी कमाया।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई चार जेसीबी मशीनों और 50 से अधिक श्रमिकों की मदद से की गई। अभियान के दौरान करोड़ों रुपये मूल्य की सरकारी जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए शहर में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कार्रवाई से पहले संबंधित लोगों को नोटिस देकर कब्जा हटाने का अवसर दिया गया था, लेकिन अधिकांश अतिक्रमणकारियों ने अवैध निर्माण नहीं हटाए। इसके बाद प्रशासन ने करीब दो घंटे तक अभियान चलाकर पूरी कार्रवाई पूरी की।
इस दौरान 80 से अधिक अवैध निर्माणों को हटाया गया और सरकारी भूमि को खाली कराया गया। अधिकारियों का कहना है कि आसपास के क्षेत्र में अन्य शासकीय जमीनों पर भी अतिक्रमण की पहचान की जा चुकी है। इन स्थानों पर भी जल्द ही अभियान चलाकर सरकारी भूमि को कब्जे से मुक्त कराया जाएगा।

Post a Comment