इंदौर पुलिस कमिश्नरेट के 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान के तहत सोमवार को शहर में 8,534 लोगों ने मानव श्रृंखला बनाकर नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया। पुलिस के अनुसार, इस आयोजन के साथ नशा विरोधी मानव श्रृंखला का नया विश्व रिकॉर्ड बनाने का दावा किया गया है। साथ ही इंदौर पुलिस ने अपना पहले का 7,100 लोगों की मानव श्रृंखला वाला रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया।

इस कार्यक्रम में स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राएं, खिलाड़ी, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, नगर सुरक्षा समिति के सदस्य, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। सभी ने एकजुट होकर मानव श्रृंखला बनाई और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी ने नशामुक्त इंदौर और नशामुक्त भारत के निर्माण में सहयोग देने का संकल्प भी लिया।

इंदौर पुलिस का कहना है कि 8,534 लोगों की मानव श्रृंखला के आधार पर एक विश्व रिकॉर्ड का दावा किया गया है। इसके अलावा पुलिस कमिश्नर द्वारा एक साथ इतने लोगों को नशे के प्रति जागरूक करने के आधार पर दूसरे विश्व रिकॉर्ड के लिए भी दावा प्रस्तुत किया गया है। इस तरह एक ही आयोजन के जरिए दो विश्व रिकॉर्ड दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

पुलिस के अनुसार, 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसके तहत स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, बस्तियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर नशामुक्त समाज का निर्माण करना है।

Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post