इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र में शादी का वादा कर एक युवती के साथ दुष्कर्म करने और बाद में उसकी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लंबे समय तक शोषण करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
हीरानगर थाना प्रभारी सुशील पटेल ने बताया कि 27 वर्षीय युवती की शिकायत पर मंगलवार को हर्ष उर्फ राज के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि करीब चार साल पहले दोनों की पहचान हुई थी, जिसके बाद मोबाइल पर बातचीत शुरू हुई। इसी दौरान आरोपी ने युवती से शादी करने का भरोसा दिलाया।
आरोप है कि 7 मार्च 2023 को आरोपी ने युवती को अपने घर बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह उसे अरविंदो अस्पताल के पास स्थित अपने एक दोस्त के घर ले गया, जहां भी उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता का कहना है कि जब उसने शादी की बात की तो आरोपी ने उसकी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। आरोप है कि इसी डर का फायदा उठाकर वह लंबे समय तक उसका शोषण करता रहा।
शिकायत के अनुसार 5 जनवरी को आरोपी के दोस्त के घर शादी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इस दौरान आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया और बदनाम करने की धमकी दी। वहीं 3 जुलाई को भी उसने फोन कर युवती को बुलाने और धमकाने का प्रयास किया।
लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई। इसके बाद मंगलवार को परिजन उसे लेकर हीरानगर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद देर रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Post a Comment