राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। ऋषिकेश से इंदौर आ रही एक स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रेलर से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस और ट्रेलर दोनों में आग लग गई। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 यात्री घायल हुए हैं।

यह दुर्घटना मंगलवार रात करीब 2:30 बजे कोलवा थाना क्षेत्र के तनावड़ जीरो पॉइंट के पास हुई। पुलिस के अनुसार बस तेज रफ्तार में थी और ट्रेलर से टकराने के बाद दोनों वाहनों में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कई यात्री अंदर ही फंस गए।

मृतकों में इंदौर की 20 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्रा भूमि भी शामिल हैं। वह एलएनटी कॉलेज में पढ़ाई कर रही थीं और अपनी सहेली दिशा समेत अन्य दोस्तों के साथ मसूरी घूमने गई थीं। लौटते समय यह हादसा हो गया। परिवार में उनके माता-पिता, एक छोटी बहन और एक छोटा भाई हैं। उनके पिता एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं।

हादसे के बाद कुछ यात्रियों और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य में देरी का आरोप लगाया। इंदौर निवासी एक यात्री ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ बस में सफर कर रहे थे। आग लगने के बाद उन्हें किसी तरह बाहर निकाल लिया गया, लेकिन उनकी पत्नी का पैर सीट में फंस गया था।

यात्री के अनुसार बस में तेजी से धुआं भरने लगा था। उन्होंने अपनी पत्नी को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन वह बेहोश हो गईं। उन्होंने रास्ते में एक अन्य घायल यात्री को भी बाहर निकाला। उनका कहना है कि पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग को सूचना देने के बावजूद करीब एक घंटे तक मदद नहीं पहुंची, जिससे कई लोग बस के भीतर फंसे रहे।

पुलिस के मुताबिक हादसे में कुल 8 लोगों की जान गई है। इनमें 6 यात्रियों की मौत आग में झुलसने से हुई, जबकि 2 लोगों ने सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दम तोड़ दिया। सभी मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

दुर्घटना में घायल हुए 21 लोगों को दौसा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने अब तक 9 घायलों की पहचान कर ली है। हादसे में ट्रेलर का चालक और उसका खलासी भी घायल हुए हैं।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि बस चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।

Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post