कोटपूतली-बहरोड़ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 75 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई। सरियों से लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सर्विस रोड का डिवाइडर पार करते हुए एक होटल की पार्किंग में घुस गया। इस दौरान ट्रेलर की चपेट में आए बुजुर्ग को वह करीब 100 फीट तक घसीटता ले गया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

यह दुर्घटना सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे पावटा थाना क्षेत्र में जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर हुई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें ट्रेलर को नियंत्रण खोने के बाद होटल परिसर की ओर बढ़ते देखा जा सकता है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 75 वर्षीय सुरजाराम के रूप में हुई है। उस समय वह होटल की पार्किंग के पास खड़े थे। ट्रेलर को अपनी ओर आते देख उन्होंने बचने की कोशिश की, लेकिन वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं।

पावटा थाना पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में एक पुलिया निर्माण कार्य के चलते वाहनों का आवागमन सर्विस रोड से कराया जा रहा है। इसी दौरान जयपुर से दिल्ली की ओर जा रहा सरियों से भरा ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर पार कर पार्किंग क्षेत्र में पहुंच गया।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने ट्रेलर को रुकवाया और घायल बुजुर्ग को तत्काल पावटा उपजिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों के अनुसार मृतक का परिवार खेती-किसानी से जुड़ा है। परिवार में उनके दो बेटे हैं, जिनमें एक खेती करता है जबकि दूसरा मेडिकल स्टोर पर कार्यरत है।

Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post