फ्रांस की यात्रा पूरी करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब स्लोवाकिया पहुंच गए हैं। राजधानी ब्रातिस्लावा में उनके आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। स्लोवाकिया के स्वतंत्र राष्ट्र बनने के बाद वहां की यात्रा करने वाले वह पहले भारतीय प्रधानमंत्री बन गए हैं।
ब्रातिस्लावा हवाई अड्डे पर स्लोवाकिया के विदेश एवं यूरोपीय मामलों के मंत्री जुराज ब्लानार ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर स्थानीय परंपरा के अनुसार उन्हें ‘रोटी और नमक’ भेंट किया गया। स्लोवाक संस्कृति में इसे सम्मान, सद्भावना और आतिथ्य का विशेष प्रतीक माना जाता है।
अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री के साथ उच्चस्तरीय द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। बैठक में व्यापार, निवेश, रक्षा और रणनीतिक सहयोग सहित विभिन्न क्षेत्रों में संबंधों को और मजबूत बनाने पर चर्चा होने की संभावना है।
द्विपक्षीय वार्ता के बाद प्रधानमंत्री ‘टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर’ स्मारक पर जाकर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उनके सम्मान में डेन्यूब नदी पर आयोजित विशेष हाई-टी कार्यक्रम में भी शामिल होने का कार्यक्रम है।
शाम को प्रधानमंत्री राष्ट्रपति भवन में स्लोवाकिया के राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे। इसके बाद राष्ट्रपति की ओर से आयोजित राजकीय रात्रिभोज में भी उनकी उपस्थिति रहेगी।
प्रधानमंत्री के स्वागत को विशेष बनाने के लिए प्रसिद्ध सांस्कृतिक समूह लुसनिका एन्सेम्बल ने ‘वंदे मातरम्’ की प्रस्तुति दी। इस दौरान भारतीय और स्लोवाक सांस्कृतिक परंपराओं का सुंदर संगम देखने को मिला। प्रधानमंत्री ने कलाकारों से मुलाकात कर उनके प्रदर्शन की सराहना की।
प्रधानमंत्री की यात्रा को लेकर स्लोवाकिया में रह रहे भारतीय समुदाय में भी उत्साह का माहौल है। होटल पहुंचने पर प्रवासी भारतीयों ने नारे लगाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।


Post a Comment