इंदौर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में रहने वाली 22 वर्षीय MCA छात्रा ने अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह परीक्षा को लेकर तनाव में थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार छात्रा मूल रूप से बुरहानपुर की रहने वाली थी और पिछले एक वर्ष से इंदौर में रहकर चमेली देवी कॉलेज से MCA की पढ़ाई कर रही थी।
जानकारी के मुताबिक रविवार रात करीब 11 बजे उसकी सहेलियों ने उसे कमरे में फंदे से लटका हुआ देखा। बताया गया कि शाम के समय सहेलियों ने उसे राजवाड़ा घूमने चलने के लिए कहा था, लेकिन उसने जाने से इनकार कर दिया था। जब सहेलियां वापस लौटीं तो छात्रा कमरे में मृत अवस्था में मिली।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा की सहेलियों से पूछताछ की। बातचीत में पता चला कि वह MCA सेकंड सेमेस्टर की परीक्षा दे रही थी। कुछ पेपर अपेक्षा के अनुरूप नहीं होने के कारण वह पिछले कई दिनों से तनाव में थी और पढ़ाई पर भी ध्यान नहीं दे पा रही थी।
पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल मौत के कारणों की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। छात्रा के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

Post a Comment