इंदौर के सेंट्रल कोतवाली थाना क्षेत्र में रहने वाले 18 वर्षीय युवक ने बुधवार को अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतक गौरव उम्र (18) अपने मामा के साथ जूते-चप्पल की दुकान पर काम करता था। परिजनों ने बताया कि घटना वाले दिन वह काफी परेशान और चुपचाप था। वह किसी से सामान्य तरीके से बातचीत भी नहीं कर रहा था।
जानकारी के मुताबिक, घटना से पहले उसने अपना मोबाइल फोन तोड़ दिया था। इसके बाद वह अपनी मां का मोबाइल लेकर कमरे में चला गया। काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिवार को संदेह हुआ। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खोला गया तो युवक फंदे पर लटका मिला। कमरे में उसका टूटा हुआ मोबाइल भी पड़ा मिला।
पुलिस ने बताया कि युवक परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता वाहन पॉलिश का काम करते हैं। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने जांच के लिए टूटे हुए मोबाइल को जब्त कर लिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुबह कपड़े पर दूसरे रंग के दाग लग जाने की बात को लेकर वह नाराज हो गया था। गुस्से में उसने अपनी पैंट कैंची से काट दी थी। इस बात को लेकर घर में विवाद भी हुआ था। बताया जा रहा है कि इसके बाद उसकी मां नाराज होकर घर से बाहर चली गई थी।
पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि युवक ने अपनी मां के मोबाइल से एक दोस्त को फोन कर आईफोन ठीक कराने की बात कही थी। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Post a Comment