जर्मनी के फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट पर एक बड़ा विमानन हादसा उस समय टल गया, जब उड़ान से पहले खड़े एक यात्री विमान का अगला पहिया अचानक टूट गया। इसके कारण विमान का सामने वाला हिस्सा सीधे जमीन पर आ गिरा। घटना में कई ग्राउंड स्टाफ और क्रू सदस्य घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, जर्मन एयरलाइन लुफ्थांसा का बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर विमान फ्रैंकफर्ट से लॉस एंजिलिस के लिए रवाना होने की तैयारी कर रहा था। उस समय यात्रियों की बोर्डिंग शुरू नहीं हुई थी, हालांकि विमान के भीतर क्रू मेंबर और कुछ कर्मचारी मौजूद थे।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में विमान का अगला हिस्सा तेजी से नीचे गिरता दिखाई दे रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पर आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंच गईं और घायलों को उपचार के लिए भेजा गया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त विमान नया बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर था, जिसे जनवरी 2026 में नियमित परिचालन सेवा में शामिल किया गया था। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।


Post a Comment