मोहाली में एक निजी कार्यालय में काम कर रही युवती की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के दौरान आरोपी युवक कार्यालय में चुपचाप दाखिल हुआ और पीछे से युवती पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए युवती कार्यालय में दौड़ती रही, जबकि आरोपी लगातार उसका पीछा करता रहा। कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उन्हें भी चाकू दिखाकर दूर रहने की धमकी दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पूरी घटना कुछ ही सेकेंड में हुई। युवती के गिरने के बाद आरोपी ने उसी चाकू से खुद को भी घायल कर लिया। गंभीर रूप से घायल दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। आरोपी का उपचार जारी है।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी और युवती पहले एक-दूसरे को जानते थे और उनके बीच प्रेम संबंध होने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि दोनों का कुछ समय पहले अलगाव हो गया था। पुलिस इसी पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्यालय परिसर की जांच शुरू की। फॉरेंसिक विशेषज्ञों को भी बुलाया गया। पुलिस ने मौके से सबूत जुटाए हैं और कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

युवती के शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। साथ ही आरोपी और मृतका के बीच संबंधों तथा घटना के पीछे की वजहों की भी जांच की जा रही है।

Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post