पंजाब के फिरोजपुर कैंट स्थित प्रसिद्ध नैवेद्यम स्वीट्स एंड बेकर्स में गुरुवार को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के इलाके में दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

घटना के दौरान रेस्टोरेंट में कार्यरत तुलसी नामक कर्मचारी अंदर फंसा रह गया। शुरुआती समय में किसी को उसके अंदर होने की जानकारी नहीं थी। आग बुझाने के दौरान फायर ब्रिगेड कर्मियों को उसका जला हुआ शव मिला। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी सूचना है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आग में झुलसकर हुई कर्मचारी की मौत के मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं आग लगने के कारणों की भी जांच की जा रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आग रेस्टोरेंट के उस हिस्से में लगी जहां फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामान रखा हुआ था। आग ऊपरी मंजिल तक पहुंच गई, जहां जाने के लिए सीधा रास्ता नहीं होने के कारण दमकल कर्मियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

राहत कार्य के दौरान सबसे बड़ी चिंता रेस्टोरेंट में रखे गैस सिलेंडरों को लेकर थी। आग के और फैलने की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि, फायर ब्रिगेड टीम ने सतर्कता बरतते हुए सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे संभावित खतरे को टाल दिया गया।

Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post