इंदौर में सांवेर रोड क्षेत्र में एक आवारा कुत्ते के हमले से 40 से ज्यादा लोग घायल हो गए। घायलों में डॉक्टर, नर्स, मेडिकल छात्र, मरीज, सुरक्षा कर्मी और राहगीर शामिल हैं। इनमें 16 से अधिक लोग अरबिंदो अस्पताल से जुड़े बताए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, घटनाक्रम शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे शुरू हुआ। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, कुत्ता अस्पताल के पिछले हिस्से से परिसर में दाखिल हुआ और वहां मौजूद कर्मचारियों पर हमला कर दिया। इसके बाद वह आसपास के विभिन्न इलाकों में घूमता रहा और कई लोगों को काटता गया।
घटना के बाद नगर निगम की दो टीमें शनिवार को अरबिंदो अस्पताल पहुंचीं और क्षेत्र में अभियान चलाकर अब तक 23 कुत्तों को पकड़ा है। हालांकि, जिस कुत्ते ने लोगों पर हमला किया था, उसकी पहचान और पकड़ अब तक नहीं हो सकी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर कुत्ता अस्पताल परिसर से निकलकर रेवती रेंज, बरदरी गांव, एलएनसीटी कॉलेज, रेनेसा कॉलेज, नरसिंह मुंजी कॉलेज और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच गया था। इन इलाकों में भी कई लोग उसके हमले का शिकार बने।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय निवासी, छात्र और कर्मचारी सतर्कता बरत रहे हैं। कई लोग अकेले बाहर निकलने से बच रहे हैं, जबकि अभिभावकों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
शुक्रवार सुबह शुरू हुए हमलों का सिलसिला शाम तक जारी रहा। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, अस्पताल से जुड़े 16 से अधिक डॉक्टर, नर्स और कर्मचारी घायल हुए। इसके अलावा आसपास के क्षेत्रों के कई ग्रामीण और राहगीर भी कुत्ते के हमले में जख्मी हुए।
सभी घायलों का इलाज अरबिंदो अस्पताल और अन्य चिकित्सा संस्थानों में किया गया। चिकित्सकों ने उन्हें एंटी-रेबीज वैक्सीन सहित आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया। अस्पताल में शाम तक 16 से अधिक लोगों का उपचार किया गया, जबकि अन्य घायल अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचे।
स्थानीय लोगों और अस्पताल प्रशासन ने नगर निगम से मांग की है कि हमलावर कुत्ते को जल्द से जल्द पकड़ा जाए। उनका कहना है कि जब तक कुत्ता पकड़ में नहीं आता, तब तक लोगों में भय और असुरक्षा की भावना बनी रहेगी।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि खोज अभियान जारी है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त टीमों की मदद ली जाएगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध या आक्रामक कुत्ते की सूचना तुरंत नियंत्रण कक्ष को दें।
इधर, इंदौर में डॉग बाइट के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। शासकीय हुकुमचंद पॉलीक्लिनिक के प्रभारी चिकित्सक के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में ऐसे मामलों की संख्या बढ़ी है। अस्पताल में प्रतिदिन लगभग 200 लोग डॉग बाइट के इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।

Post a Comment