नई दिल्ली के मालवीय नगर क्षेत्र में बुधवार सुबह एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। घटना में दोपहर 1 बजे तक 21 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 37 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। बचाए गए कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। आग पर काबू पा लिया गया है, हालांकि राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8:51 बजे इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में आग लगी। देखते ही देखते आग ने ऊपरी मंजिलों को भी अपनी चपेट में ले लिया और छह मंजिला होटल फ्लोरिस स्टे तक फैल गई। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि परिसर के लिए रेस्टोरेंट का लाइसेंस था, जबकि वहां कथित रूप से होटल का संचालन भी किया जा रहा था।
दिल्ली के उपराज्यपाल ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि यह बेहद दुखद हादसा है। उन्होंने बताया कि पुलिस, प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं और राहत कार्य में जुटी हुई हैं। अधिकारियों को घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने तथा मामले की गहन जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
दिल्ली फायर सर्विस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार आग लगने की सूचना सुबह करीब 8:50 बजे मिली थी और एक मिनट के भीतर दमकल की गाड़ियां रवाना कर दी गई थीं। शुरुआत में सात दमकल वाहन भेजे गए, लेकिन स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बाद में वाहनों और कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई गई। बचाव दल ने सबसे पहले बेसमेंट से छह लोगों को सुरक्षित निकाला। इसके बाद ऊपरी मंजिलों में फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान चलाया गया। कुल 37 लोगों को सुरक्षित बचाया गया।
अधिकारियों के मुताबिक मृतकों में कुछ विदेशी नागरिक भी शामिल हैं, जो मध्य एशिया और अफ्रीकी देशों से संबंधित बताए जा रहे हैं। हादसे के कारणों की जांच जारी है।

Post a Comment