इंदौर के पास बेटमा इलाके में कंपनी से ड्यूटी कर लौट रहे एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। बदमाश वारदात के बाद युवक का मोबाइल लूटकर फरार हो गए। युवक खून से लथपथ हालत में भेरूबाबा मंदिर के पास ओटले पर पड़ा मिला। पुलिस ने हत्या और लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 28 वर्षीय राहुल निवासी ग्राम रावत के रूप में हुई है।
परिजनों के मुताबिक राहुल सोमवार दोपहर करीब 3 बजे अपनी कंपनी की ड्यूटी के लिए बुलेट बाइक से निकला था। उसकी कंपनी से रात करीब साढ़े 11 बजे छुट्टी होती थी और वह आमतौर पर रात 12 बजे तक घर पहुंच जाता था।
देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार को चिंता हुई। राहुल के भाई रवि ने बताया कि उसने कई बार राहुल के मोबाइल पर कॉल किए, लेकिन फोन बंद आ रहा था। इसके बाद वह बाइक लेकर उसकी तलाश में निकला।
रवि ने बताया कि सागौर कुटी रोड से होते हुए जब वह ग्राम सिंधीपुरा पहुंचा तो वहां लोगों की भीड़ लगी हुई थी। पास जाकर देखा तो राहुल भेरूबाबा मंदिर के ओटले पर गंभीर हालत में पड़ा था और उसके शरीर से खून बह रहा था।
इसके बाद परिवार के लोग उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने बताया कि राहुल नाले की तरफ से घायल हालत में घबराते हुए पैदल आया था।
उसने कुछ घरों के बाहर आवाज लगाई और दरवाजों पर पत्थर फेंके। जब लोग बाहर आए तो राहुल के कपड़ों पर खून लगा था। उसने पानी मांगा और बताया कि कंपनी से लौटते समय भेरूबाबा मंदिर के पास कुछ बदमाशों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया और उसका कंपनी का मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
पुलिस को राहुल की पीठ और दाहिने हाथ पर धारदार हथियार के गहरे घाव मिले हैं। घटनास्थल के सामने उसकी बुलेट बाइक भी खड़ी मिली।
टीआई मीना कणार्वत ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या और लूट की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार राहुल के परिवार में पत्नी, दो बच्चे, माता-पिता और भाई हैं। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment