इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक युवक पर दो युवकों ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में युवक के सिर में गहरी चोट आई। घायल अवस्था में वह एक दुकान के बाहर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना लिंक रोड क्षेत्र की है। देर रात सूचना मिली थी कि एक युवक घायल हालत में दुकान के सामने पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक की पहचान फाजिल के रूप में की।
बताया जा रहा है कि फाजिल रात में दोपहिया वाहन से जा रहा था, तभी दो युवकों ने उसका पीछा किया। आरोपियों ने आवाज देकर उसे रोका और अचानक उस पर हमला कर दिया। मारपीट के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
हमले के बाद फाजिल लड़खड़ाते हुए एक दुकान के सामने पहुंचा और वहीं गिर गया। वहां से गुजर रहे लोगों से उसने परिवार को कॉल करने के लिए कहा। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और परिजन उसे अस्पताल ले गए। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।

Post a Comment