इंदौर के आजाद नगर इलाके में एक दर्दनाक हादसे में 4 माह के मासूम की मौत हो गई। बच्चा अपनी 6 साल की चचेरी बहन की गोद से फिसलकर जमीन पर गिर गया था। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आजाद नगर थाना क्षेत्र के एक कॉलोनी में मंगलवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे यह हादसा हुआ। 4 माह का रियाश अपनी 6 साल की चचेरी बहन की गोद में था। बच्ची उसे लेकर करीब 3 फीट ऊंचे बेड पर बैठी थी। इसी दौरान खेलते समय रियाश अचानक हाथ से छूटकर नीचे मुंह के बल गिर गया।
गिरते ही बच्चे की सांसें थमने लगीं। घबराई बच्ची ने तुरंत इसकी जानकारी परिजनों को दी। उस समय मां बाथरूम में थी। बाहर आकर उसने परिवार के अन्य सदस्यों को बताया, जिसके बाद सभी उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे।
परिजन बच्चे को एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार ने बच्चे का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।
परिजनों के मुताबिक हादसे के वक्त मां और दादी घर के काम में व्यस्त थीं। बच्ची रियाश को खिलाने के लिए गोद में लेकर आई थी। रियाश का एक 4 साल का बड़ा भाई भी है। पिता एक निजी कंपनी में काम करते हैं।

Post a Comment