इंदौर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में रहने वाली 21 वर्षीय युवती ने बुधवार देर रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फांसी से उतारकर परिजन उसे एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आत्महत्या से पहले युवती ने अपने बॉयफ्रेंड को वीडियो कॉल किया था। कॉल रिसीव नहीं होने पर उसने उसे मैसेज किया, “अब तुम खुश रहना” और फांसी लगा ली।
परदेशीपुरा पुलिस के अनुसार युवती अपने पिता के साथ जनता क्वार्टर क्षेत्र में रहती थी। देर रात तक जब उसने कमरे का दरवाजा नहीं खोला तो परिजनों को संदेह हुआ। उन्होंने उसे फोन किया, लेकिन मोबाइल कमरे के अंदर ही बजता रहा। इसके बाद परिजनों ने झांककर देखा तो वह फंदे पर लटकी मिली। तुरंत दरवाजा खोलकर उसे नीचे उतारा और अस्पताल ले जाया गया।
परिजनों के अनुसार युवती एक शेयर कंपनी में काम करती थी। उसकी बहन ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन वह अपने बॉयफ्रेंड के साथ थी। घटना के समय उसके पिता दूसरी बेटी को लेकर अस्पताल गए हुए थे। परिवार में उसकी दो छोटी बहनें भी हैं।
फिलहाल कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर लिया है और कॉल डिटेल व मैसेज की जांच की जा रही है। मामले में युवक से भी पूछताछ की जाएगी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।
Post a Comment