भोपाल के कोलार इलाके में पुताई ठेकेदार की चाकू और छुरी से दस से अधिक वार कर हत्या कर दी गई। वारदात को पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दिया गया है। मृतक और आरोपी पहले दोस्त थे। आरोपियों की गलत हरकतों और मोहल्ले में आतंक का युवक विरोध करता था। गलत कामों के कारण युवक ने आरोपियों से बात बंद कर दी थी। इसी से नाराज होकर बदमाशों ने हत्या कर दी।

निखिल उम्र  (20) शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे घर के बाहर खड़ा था। तभी आरोपी धनु, गोविंद, आशीष, जुगल और गन्नू अचानक आए और चाकू-छुरी से ताबड़तोड़ वार किए। इसके बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात इलाके में दबदबा बनाने के लिए की गई। आरोपी अक्सर इलाके में दहशत फैलाते थे और विरोध करने वालों के साथ मारपीट करते थे।

निखिल उनकी हरकतों का खुलकर विरोध करता था। इसी बात को लेकर बदमाशों ने पहले उसे धमकाया। निखिल ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो आरोपी उससे मारपीट कर भाग गए। जाते समय आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी।

रात में निखिल जब घर के बाहर अकेला था, तब आरोपियों ने दोबारा हमला कर दिया। घायल हालत में परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है।

बताया जा रहा है कि आरोपी पहले से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं और हाल ही में जेल से छूटे थे। निखिल उनके खिलाफ आवाज उठाता था, इसी वजह से आरोपी उससे रंजिश रखते थे।

पुलिस के अनुसार, एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी की तलाश जारी है। शुरुआत में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था, लेकिन बाद में जांच में पांच आरोपियों के नाम सामने आए, जिसके बाद मामला अपडेट किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post