संभल के मुबारकपुर बंद गांव में शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे एक मस्जिद की करीब 35 फीट ऊंची मीनार को गिरा दिया गया। इसके बाद प्रशासन ने बुलडोजर से मस्जिद के बाकी हिस्सों पर भी कार्रवाई शुरू कर दी।

इससे पहले सुबह करीब 9:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक मस्जिद के बाहर बनी पांच दुकानों को तोड़ा गया। मीनार गिराने के लिए दो हाइड्रा मशीनों का इस्तेमाल किया गया। एक मजदूर ने ऊपर चढ़कर रस्सी बांधी, जिसे मशीनों से खींचकर मीनार गिरा दी गई।

मौके पर प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। गांव के लोग इकट्ठा होने लगे तो किसी तरह के विरोध को रोकने के लिए उन्हें वहां से हटा दिया गया।

बताया जा रहा है कि 12 दिन पहले भी इस मस्जिद पर कार्रवाई की कोशिश हुई थी, लेकिन उस समय मशीन चलाने वाले ने सुरक्षा कारणों से मीनार गिराने से मना कर दिया था। उस दिन मदरसा, मस्जिद का गेट और कुछ दुकानें तोड़ी गई थीं, जबकि बाकी हिस्सा अब हटाया गया।

प्रशासन का कहना है कि कुछ निर्माण सरकारी जमीन पर किए गए थे। इसी वजह से संबंधित लोगों को खुद ही कब्जा हटाने के लिए कहा गया। इसके बाद एक परिवार ने अपने घर के आगे का हिस्सा और दूसरे ने गेट को खुद तोड़ना शुरू कर दिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने यह जमीन कई साल पहले खरीदी थी और उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि यह सरकारी जमीन है। उनका यह भी कहना है कि अगर जमीन सरकारी थी, तो उन्हें पहले सही जानकारी दी जानी चाहिए थी और उन्हें नुकसान की भरपाई मिलनी चाहिए।

Post a Comment

Previous Post Next Post