ग्वालियर में मंदिर की गद्दी को लेकर चल रही पुरानी तनातनी बुधवार रात खूनी संघर्ष में बदल गई। सिरोल थाना क्षेत्र के डोंगरपुर पुतलीघर स्थित बाग वाले मंदिर में दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला लाठी-डंडों और चाकू तक पहुंच गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार योगेंद्र दास महाराज पर चंद्रशेखर महाराज ने अपने साथियों मोहन और कैलाश के साथ मिलकर रात करीब 11:30 बजे हमला कर दिया। इस हमले में योगेंद्र दास महाराज को पसली में चाकू लगा, वहीं सिर पर डंडा लगने से गंभीर चोट आई। घटना के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बताया जा रहा है कि दोनों ही पक्ष मंदिर के पूर्व पुजारी हरिदास बाबा के चेले हैं और लंबे समय से मंदिर पर कब्जे को लेकर उनके बीच विवाद चल रहा है। करीब 12 से 15 हजार वर्ग फीट में फैले इस मंदिर की गद्दी को लेकर मामला पहले से ही अदालत में विचाराधीन है, लेकिन अब यह विवाद हिंसक रूप ले चुका है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सिरोल थाना प्रभारी के अनुसार फिलहाल घायल पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है, हालांकि मेडिकल परीक्षण कराया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post