ग्वालियर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। जीटी एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान एक महिला अचानक प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिर गई। मौके पर मौजूद RPF आरक्षक ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना का सीसीटीवी वीडियो सोमवार को सामने आया, जिसमें पूरी घटना कैद हुई है।
जानकारी के अनुसार, सुनीता ग्वालियर से आगरा जाने के लिए ट्रेन पकड़ने पहुंची थीं। जैसे ही ट्रेन चलने लगी, उन्होंने जल्दबाजी में चढ़ने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गईं।
पैर फिसलने के कारण महिला प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच जा गिरी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, ड्यूटी पर तैनात RPF जवान ने बिना समय गंवाए उन्हें खींचकर बाहर निकाल लिया। कुछ सेकंड की देरी से बड़ा हादसा हो सकता था।
रेलवे प्रशासन ने इस घटना के बाद यात्रियों से अपील की है कि वे चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का जोखिम न लें। फिलहाल महिला की हालत सामान्य बताई जा रही है।

Post a Comment