जवाबदेही @ इंदौर
शहर में सड़कों पर अवैध कब्जों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला गुलमर्ग कॉलोनी क्षेत्र से सामने आया है, जहां मेन रोड पर टेंट लगाकर कार पार्किंग बना दी गई है। इस अवैध कब्जे के कारण आना-जाना तक मुश्किल हो गया है।
जानकारी के अनुसार, 92 टेलीफोन नगर में पिछले कुछ समय से गंभीर समस्या का सामना कर रहे हैं। उनके घर के पीछे से निकलने वाला रास्ता, जो गुलमर्ग कॉलोनी मार्ग से जुड़ता है, उस पर कथित रूप से नरेंद्र गोरानी द्वारा टेंट लगाकर अवैध कार पार्किंग बना दी गई है।
यह कब्जा सुनियोजित तरीके से किया गया है, ताकि वे इस रास्ते का उपयोग न कर सकें। इतना ही नहीं, मुख्य सड़क पर भी टेंट डालकर पार्किंग बना दी गई है।
![]() |
| ये है घर राम दरबार |
क्षेत्र के नागरिकों ने यह भी बताया कि कई बार मौखिक रूप से आपत्ति जताने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। अब स्थिति यह है कि सड़कें, जो आम जनता के उपयोग के लिए होती हैं, निजी पार्किंग में तब्दील होती जा रही हैं।
इस पूरे मामले में नगर निगम और प्रशासन की निष्क्रियता पर भी सवाल उठ रहे हैं। शहर में अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाए जाते हैं, लेकिन ऐसे मामलों में कार्रवाई न होना कई सवाल खड़े करता है।
प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस अवैध पार्किंग कब्जे को हटाया जाए और आम रास्ते को मुक्त कराया जाए, ताकि बिना किसी बाधा के आवागमन कर सकें।
कब जागेगा प्रशासन?
शहर की सड़कों पर कब्जा करना अब “सामान्य” होता जा रहा है। सवाल यह है कि क्या कानून केवल दिखावे के लिए है? अगर हर व्यक्ति अपनी सुविधा के अनुसार सड़क घेरने लगे, तो फिर आम नागरिक कहां जाए? प्रशासन की चुप्पी ऐसे अवैध कब्जाधारियों के हौसले और बुलंद कर रही है। अब वक्त आ गया है कि सख्त कार्रवाई हो, वरना हर गली-मोहल्ला निजी कब्जों का शिकार बन जाएगा।


Post a Comment