ग्वालियर में प्लॉट विवाद को लेकर हुई मारपीट और फायरिंग में एक बालिका के घायल होने के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कई महीनों से पुलिस को चकमा दे रहे हत्या के प्रयास के आरोपी पान सिंह उर्फ अभिषेक पुत्र मान सिंह को सिरोल थाना पुलिस ने पकड़ा है।
पकड़े गए आरोपी और उसके साथियों पर दस हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस इस मामले में पहले ही छह अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। अब इस आरोपी के पकड़े जाने के बाद सभी आरोपियों की गिरफ्तारी पूरी हो चुकी है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिली थी कि फरार आरोपी शहर में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तलाश शुरू की। इसी दौरान आरोपी पुलिस के सामने आ गया। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने उसे कुछ ही देर में पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर थाने लाया गया।
घटना के बाद पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया गया था। इस मामले में पहले छह आरोपी पकड़े जा चुके थे, जबकि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी बाकी थी। आरोपी वर्ष 2024 से फरार चल रहा था।
सिरोल थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में 11 वर्षीय बालिका 4 सितंबर 2024 को अपने घर के बाहर खेल रही थी। उसी दौरान कुछ लोग वाहन से आए और पास में रहने वाले एक व्यक्ति से मारपीट करने लगे। विवाद बढ़ने पर पथराव हुआ और इसके बाद बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली बालिका के पैर में लग गई। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस ने घायल बालिका को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था और आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था।

Post a Comment