उज्जैन में गरोठ रोड पर शुक्रवार रात मिनी बस और ट्रैक्टर की टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। युवक की मौत से नाराज ग्रामीणों ने बस पर पथराव कर उसे आग के हवाले कर दिया। साथ ही हाईवे पर चक्काजाम कर टोल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर जाम खुलवाया।

पुलिस के मुताबिक DLXXX5919 नंबर की मिनी बस दिल्ली से श्रद्धालुओं को लेकर महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन आ रही थी। तुलाहेड़ा टोल प्लाजा के पास बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर खाई में गिरकर पलट गया।

ट्रैक्टर सवार विजय (21) वर्ष ,ट्रॉली के नीचे दब गया और करीब एक घंटे तक फंसा रहा। समय पर मदद नहीं मिलने के कारण उसकी मौत हो गई।

हादसे में ट्रैक्टर सवार राजेश, बस चालक शिवकुमार (निवासी पंजाब) और यात्री बॉबी व धर्मेंद्र घायल हुए। सभी घायलों को उज्जैन जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें निजी अस्पताल के आईसीयू में शिफ्ट किया गया।

ग्रामीणों के अनुसार ट्रॉली में गेहूं भरा था, जिसे उज्जैन अनाज मंडी ले जाया जा रहा था। हादसे के बाद ट्रैक्टर को निकालने के लिए टोल प्लाजा से क्रेन बुलाई गई, लेकिन वह करीब एक घंटे की देरी से पहुंची।

क्रेन के पास ट्रैक्टर उठाने के लिए जरूरी उपकरण भी नहीं थे, जिससे ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया। गुस्साए लोगों ने बस में तोड़फोड़ कर आग लगा दी, जिससे उसमें रखा सामान जलकर राख हो गया।

हालांकि सभी यात्री पहले ही सुरक्षित बाहर निकल चुके थे और उन्हें अन्य वाहनों से उज्जैन भेज दिया गया।

हंगामे की सूचना पर पुलिस अधिकारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच और टोल प्रबंधन पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ।

Post a Comment

Previous Post Next Post