इंदौर में 6 साल के एक बच्चे को कार ने टक्कर मार दी, जिससे उसका पैर फ्रैक्चर हो गया। यह घटना बॉम्बे हॉस्पिटल के पीछे स्थित एक कॉलोनी में मंगलवार को हुई।
हादसे का वीडियो पास के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। वीडियो में दिख रहा है कि सड़क पर दो बच्चे खेल रहे थे, तभी पीछे से आई एक कार ने एक बच्चे को टक्कर मार दी।
कार का अगला पहिया बच्चे के पैरों के ऊपर से गुजर गया, जबकि पिछला पहिया उसके शरीर के ऊपर से निकल गया। हादसे के बाद बच्चा खुद उठने की कोशिश करता नजर आया।
पुलिस के मुताबिक, कार एक व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड है और घटना के समय उसका ड्राइवर वाहन चला रहा था। हादसे के बाद कार मालिक बच्चे को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे और ड्राइवर को थाने भेजकर मामला दर्ज कराया गया।
घायल बच्चे का नाम आयुष है, जो अपने परिवार के साथ उसी इलाके में रहता है। अस्पताल में उसका इलाज जारी है और फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment