दिल्ली पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए देश भर के स्कूलों, उच्च न्यायालयों और सरकारी कार्यालयों को 1,100 से ज्यादा फर्जी कॉल कर बम से उड़ाने की धमकी देने वाले एक शख्स को कर्नाटक के मैसूर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस और स्थानीय टीमों के बीच गुरुवार को चले संयुक्त अभियान में संदिग्ध श्रीनिवास उम्र (47) को उसके किराए के घर से हिरासत में लिया गया।
हाल के हफ्तों में दिल्ली उच्च न्यायालय, दिल्ली विधानसभा और कई शिक्षण संस्थानों व सरकारी कार्यालयों को बम की धमकियां मिली थीं, जिसके बाद तुरंत जांच शुरू की गई।
अधिकारियों के मुताबिक आरोपी मूल रूप से बेंगलुरु का रहने वाला है और अपनी मां के साथ किराये के मकान में रहता है। वह एक सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी है और वर्तमान में बेरोजगार बताया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि वह मानसिक तनाव में हो सकता है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने देशभर में 1,100 से ज्यादा धमकी भरे संदेश भेजने की बात कबूल की है।
पुलिस के अनुसार, ये धमकियां ईमेल और अन्य संचार माध्यमों से भेजी गई थीं, जिसके चलते अलग-अलग राज्यों में कई मामले दर्ज हुए।
तकनीकी जांच और सुरागों के आधार पर पुलिस कर्नाटक तक पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया। फिलहाल उसे आगे की कार्रवाई के लिए दिल्ली लाया जा रहा है।

Post a Comment