इंदौर में पेंटहाउस किराए पर देने के विवाद में एक शख्स ने कार से एक महिला को कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतका का नाम शंपा प. था। वह एक आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थीं। 13 मार्च को दो बच्चों और पति के साथ अपने फ्लैट में शिफ्ट हुई थीं।

घटना बुधवार रात करीब 10:30 बजे लसूड़िया थाना क्षेत्र के MR-11 स्थित एक टाउनशिप की है। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी युवक और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, टाउनशिप की एक बिल्डिंग में रहने वाले एक व्यक्ति ने अपना पेंटहाउस ऑनलाइन प्लेटफॉर्म Airbnb के जरिए किराए पर दे रखा था। यहां रोज नए लोग आते थे, जिससे रहवासियों को आपत्ति थी।

बताया जा रहा है कि रात में लाइट बंद करने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इसी दौरान आरोपी का बेटा कार लेकर आया और पहले एक महिला कर्मचारी को टक्कर मारी, फिर शंपा प. को चपेट में ले लिया।

घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई। पूरी घटना CCTV कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने जांच के लिए DVR जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

पीड़ित परिवार के अनुसार, वे हाल ही में इस फ्लैट में शिफ्ट हुए थे और परिवार में छोटे बच्चे भी हैं।

रहवासियों का कहना है कि पेंटहाउस को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी थी। सोसाइटी के एक पदाधिकारी ने भी इसे अवैध निर्माण बताया है और बिल्डर से जुड़े मुद्दों का जिक्र किया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post