भोपाल में ट्रैक्टर-ट्रॉली से आमने-सामने की भिड़ंत में कार सवार तीन युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि चौथा गंभीर रूप से घायल है। हादसा मंगलवार रात ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र के एक इलाके में हुआ।

पुलिस के मुताबिक एक स्थानीय परिवार से जुड़े युवक, उनका रिश्तेदार और उनके दो दोस्त एक ही कार में रात करीब 11:30 बजे चाय पीने के लिए गांव से पास के इलाके की ओर जा रहे थे।

कुछ दूर जाने पर सामने से आ रही भूसे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई, जिससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में तीन युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार की चेसिस काटकर शव और घायल को बाहर निकालना पड़ा। शुरुआती जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर की केवल एक हेडलाइट जल रही थी, जिससे सामने आ रहे वाहन का सही अंदाजा नहीं लग सका।

पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post