शहर के अन्नपूर्णा क्षेत्र में चोरों ने एक हैरान करने वाली वारदात को अंजाम दिया। बदमाश बिना ताला तोड़े ही घर से लाखों रुपए के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक उषा नगर क्षेत्र निवासी शीलकुमार प. ने रविवार को शिकायत दर्ज कराई कि शनिवार रात उनके घर में चोरी हो गई। बदमाश घर में घुसकर 3 हार सेट, 6 सोने की अंगूठियां, 5 जोड़ी कान के टॉप्स, एक सोने की चेन, एक मंगलसूत्र, 4 चांदी की पायल और करीब 60 हजार रुपए नकद चुराकर ले गए।

बताया जा रहा है कि शीलकुमार प. कपड़ों का व्यापार करते हैं। परिवार में एक कार्यक्रम होने के कारण शाम करीब 7 बजे सभी लोग घर से बाहर चले गए थे। रात करीब 1 बजे जब वे लौटे और कमरे में पहुंचे तो अलमारी के लॉक खुले हुए मिले और अंदर रखा सारा सामान गायब था। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस के अनुसार घर का ताला टूटा नहीं है, इसलिए पूरे मामले को लेकर संदेह भी जताया जा रहा है। व्यापारी के घर में दो भाई, उनकी पत्नियां और बच्चे साथ रहते हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post