ग्वालियर में पीने के पानी को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है। मानपुर क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने फ्लैटों की पानी की टंकी में पांच मरी हुई छिपकलियां मिलने से हड़कंप मच गया। इसी टंकी से करीब 1300 फ्लैटों में रहने वाले परिवारों को पानी की सप्लाई की जाती है।

टंकी में मरी छिपकलियां मिलने के बाद रहवासियों में नाराजगी फैल गई। लोगों ने नगर निगम पर लापरवाही और नियमित सफाई नहीं कराने का आरोप लगाया है। रहवासियों का कहना है कि टंकी का ढक्कन ठीक से बंद नहीं था, जिसके कारण छिपकलियां अंदर गिरकर मर गईं।

स्थानीय लोगों के अनुसार फेस-वन के एक ब्लॉक की टंकी से आने वाले पानी में बदबू और गंदगी महसूस होने लगी थी। इसके बाद कुछ लोगों ने टंकी की जांच की। जब ढक्कन खोला गया तो अंदर मरी हुई छिपकलियां दिखाई दीं।

रहवासियों ने उन्हें बाहर निकालकर पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर सामने आया। इस घटना के बाद लोगों में डर का माहौल है। कई परिवारों को आशंका है कि वे कई दिनों से दूषित पानी का उपयोग कर रहे थे।

डर के कारण कई परिवारों ने फिलहाल टंकी का पानी पीना बंद कर दिया है और कैन या आरओ का पानी मंगाकर उपयोग कर रहे हैं।

रहवासियों का आरोप है कि वे पिछले करीब दो वर्षों से यहां रह रहे हैं, लेकिन टंकी की नियमित सफाई नहीं कराई गई। कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।

नगर निगम के एक अधिकारी ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और टंकियों की सफाई व ढक्कन की व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post