आगामी गर्मियों के मद्देनजर महापौर पुष्यमित्र गुरुवार को मृसाखेड़ी स्थित जल वितरण प्रवाणी स्काडा सेंटर पहुंचे। उन्होंने शहर की मौजूदा जल आपूर्ति व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली। स्काडा सेंटर में महापौर ने शहर की सभी पानी की टंकियों और उनसे संचालित जल वितरण प्रणाली को रियल-टाइम में परखा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मियों के दौरान किसी भी क्षेत्र में पानी की कमी न होने पाए, इसके लिए अभी से व्यापक तैयारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने शहर में उपलब्ध कुल जल मात्रा और वितरण क्षमता को लेकर विस्तृत रिपोर्ट भी ली।
महापौर ने बताया कि नर्मदा परियोजना के चौथे चरण को पूरा होने में अभी समय है, लेकिन वर्तमान क्षमता के अनुरूप शहर को अधिकतम जल उपलब्ध कराने के प्रयास लगातार जारी हैं। इसी क्रम में हाल ही में शटडाउन लेकर पाइपलाइन में हो रहे लीकेज को दुरुस्त किया गया है। इन सुधार कार्यों से शहर की जल आपूर्ति में 10 MLD की बढ़ोतरी हुई है।
उन्होंने बताया कि एक अन्य फेज की मरम्मत का कार्य भी प्रगति पर है, जो लगभग एक महीने में पूरा हो जाएगा। इसके पूर्ण होते ही जल आपूर्ति क्षमता में और 10 MLD की बढ़ोतरी होगी। कुल मिलाकर 20 MLD अतिरिक्त पानी की उपलब्धता से गर्मियों में जल आपूर्ति और अधिक मजबूत होगी तथा नागरिकों को राहत मिलेगी।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल वितरण में किसी भी प्रकार की समस्या न आए, लीकेज मॉनिटरिंग को और मजबूत किया जाए तथा स्काडा सेंटर की टीम रियल-टाइम निगरानी में पूरी सतर्कता बरते। इस दौरान जलकार्य प्रभारी अभिषेक और नगर निगम के अपर आयुक्त आशीष भी उपस्थित रहे।

Post a Comment